loader
दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में आज राजनीतिक पारा हाई रहा, कांग्रेस, आईएनएलडी,  बीजेपी तीनो ने ठोंकी ताल : फरीदाबाद।

दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में आज राजनीतिक पारा हाई रहा, कांग्रेस, आईएनएलडी, बीजेपी तीनो ने ठोंकी ताल : फरीदाबाद।

Source- Deepender Singh Hooda Fb

शीतलहर और सर्द हवाओं के बीच हरियाणा का राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है। हरियाणा के फरीदाबाद शहर में मंगलवार यानि आज राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा रहा। एक तरफ लंबे समय बाद कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ, जिसमें पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और दीपेंद्र हुड्डा समेत कई पूर्व मंत्री से लेकर विधायक तक शामिल हुए। वहीं, राजा नाहर सिंह बलिदान दिवस पर इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला और फरीदाबाद-पलवल के तमाम पार्टी नेताओ ने भाग लिया। इसके साथ ही आईएनएलडी ने बलिदान दिवस के मौके पर  शक्ति प्रदर्शन भी किया। उधर, बीजेपी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने तमाम दिग्गजों की मौजूदगी में पदभार ग्रहण कर लिया।

एसआरके  ग्रुप पर रहेगी कांग्रेसियों की नज़र

चुनावी साल देखते हुए सभी पार्टियों ने राजनीतिक गतिविधियाँ बढ़ा दी हैं। कांग्रेस ने लंबे समय से जिला स्तर का कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं किया था। पार्टी दावा करती रही है कि इस बार हरियाणा में उनकी सरकार बनेगी, लेकिन हाल ही में चार राज्यों में हुए चुनाव परिणामों ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। इन चुनाव परिणामों के बाद पार्टी ने पहली बार बड़े स्तर पर फरीदाबाद में अपना कार्यकर्ता सम्मेलन किया। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उदयभान ने कार्यकर्ताओं में नई जान फूँकने का प्रयास किया। सभी से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा गया। इसमें भीड़ जुटाने के लिए टिकट के दावेदारों को भी जिम्मेदारी दी गई है।

ऐसे में सभी पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक, चुनाव लड़ चुके नेता और दावेदार तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि देखने वाली बात यह हैं कि इसमें एसआरके यानी सैलजा-रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी गुट के नेता भी जुटते हैं या नहीं। सैलजा गुट के नेता भी मंच पर पहुंचते हैं तो सत्ताधारी पार्टी के लिए बड़ा संदेश माना जाएगा। हुड्डा गुट के कार्यक्रमों से सैलजा गुट के नेता पूर्व में किनारा करते आएं हैं। इसके बाद कांग्रेस की हर विधानसभा में जनसभाएं करने का भी कार्यक्रम है। यह बात रविवार को पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने एक जनसभा के दौरान कही थी। इसके तहत वह फरीदाबाद की अलग-अलग विधानसभाओं में भी जनसभाएँ करने की तैयारीयाँ कर रहे हैं।

लोकसभा व विधानसभा दोनों चुनावों की एक साथ तैयारी

कांग्रेस का मानना है कि लोकसभा चुनाव कभी भी घोषित हो सकते हैं। संभावना है कि लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव भी हो जाएँ। यह एक साथ नहीं भी होते हैं तो भी कुछ महीने बाद तो विधानसभा चुनाव होने ही हैं। लिहाजा पार्टी दोनों चुनाव को लेकर तैयारी कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक ललित नागर ने बताया कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में एक्टिव रहने को कह दिया है। लिहाजा हर विधानसभा एरिया मे काम किया जा रहा है।

इनेलो कार्यकर्ताओं ने मनाया बलिदान दिवस

मंगलवार को ही बल्लभगढ़ के दशहरा मैदान में इनेलो हरियाणा और राजा नाहर सिंह सोसायटी की ओर से शहीद राजा नाहर सिंह बलिदान दिवस मनाया गया  इसमें अभय सिंह चौटाला चीफ गेस्ट रहे। यूँ तो यह कार्यक्रम सामाजिक था, लेकिन इस दौरान इनेलो के फरीदाबाद और पलवल जिले के तमाम छोटे-बड़े नेता जुटे रहे।

भाजपा की जिला कार्यकारिणी की गठन की तैयारी

इस बीच बीजेपी के नए संगठन ने फील्ड में उतरने की तैयारी कर ली है। फरीदाबाद बीजेपी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने यहाँ के पार्टी कार्यालय में हुए समारोह के दौरान पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें पदभार सौंपने के लिए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, प्रदेश, मंडल स्तर के पदाधिकारी और सीनियर नेता पहुँचे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएँ दी और साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिया। पदभार के साथ ही अब जिला कार्यकारिणी के गठन की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए दावेदारों ने अपने-अपने नेताओं के पास पैरवी शुरू कर दी है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×